Opportunity को पहचानो (प्रेरणात्मक लेख)
👼👼👼👼👼👼👼👼👼👼
दुःख को सुख में बदलने की कला
Opportunity को पहचानो (प्रेरणात्मक लेख)
Image by S. Hermann & F. Richter from Pixabay
हमें मालूम है कि मनुष्य जन्म का मिलना बहुत सौभाग्य की बात है, लेकिन कुछ लोग इसे पाकर स्वयं को कृतार्थ समझते हैं और कुछ लोग सारा जीवन अपनी विफलताओं के लिए भाग्य को दोष देते रहते हैं। जो स्वयं को धन्य समझते हैं वे अपना जीवन पूर्ण तृप्ति व संतोष के साथ व्यतीत करते हैं और भाग्य का रोना रोने वाले व्यक्ति रोते हुए पैदा होते हैं और शिकायतें करते हुए ही मर जाते हैं।
सभी को समान Opportunity मिली है तो इसका फायदा उठाओ।
एक व्यक्ति ने अपने 3 पुत्रों को साल भर के लिए 50-50 हज़ार रुपए देकर कोई व्यापार करने को कहा। तीनों के पास समान राशि और समान समय के लिए समान Opportunity थी।
पहले बेटे ने सारी पूंजी 50 के 80 करने के चक्कर में सट्टे में लगा दी कि साल भर तक कौन इंतज़ार करे? एक ही रात में सारी पूंजी हार गया और वह राशि पानी में बह गई।
दूसरे बेटे ने उस राशि से परचून की दुकान खोल ली। सुबह से शाम तक जितना मुनाफा होता वह घर-खर्च में समाप्त हो जाता। No Profit, No Loss.
तीसरे बेटे ने राशि को हाथ भी नहीं लगाया। किसी फर्म में 3-4 महीने तक नौकरी करके काम सीखा और पिता की Goodwill के सहारे एक दुकान खोली। उधार पर सामान लाता और अच्छे Profit में बेचकर अच्छा मुनाफा कमाने लगा। एक साल में उसने एक Show Room भी खरीद लिया, लाखों का Turn Over हो गया।
एक साल बाद पिता ने तीनों बेटों से पूछा तो पहला बेटा मुंह लटकाए था। पिता को सारा हाल सुनाया तो उन्होंने कहा कि बेटा! तूने समय और पूंजी दोनों का अनर्थ कर दिया। दूसरे ने कहा कि बस! खाने को मिल रहा है। तो पिता ने कहा कि बेटा! जीवन में गति के साथ प्रगति भी आवश्यक है। तीसरे ने प्रसन्न होकर बताया कि मैंने आपके आशीर्वाद और अपनी मेहनत से एक बड़ा-सा Show Room बना लिया है, लाखों का माल भरा हुआ है, ढेरों ग्राहक रोज़ आते हैं। आपकी पूंजी सुरक्षित है क्योंकि आपकी Goodwill ही 50 करोड़ से कम नहीं थी। पिता ने बेटे को सीने से लगा लिया।
अतः तीनों को समान Opportunity मिलने पर भी पहले ने भाग्य का दुरुपयोग किया, दूसरे ने सही उपयोग नहीं किया और तीसरे ने भाग्य के साथ पुरुषार्थ करके उसका सदुपयोग किया।
1. अवसर मिलना
जीवन में उन्नति के अवसर सभी को मिलते हैं। हमें उनका लाभ उठाना आना चाहिए। एक साधु को भगवान पर पूरा भरोसा था। अचानक उसके गाँव में बाढ़ आ गई। सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे। एक व्यक्ति जीप लेकर आया कि चलो! मैं आपको गाँव से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुँचा दूंगा, पर साधु ने जाने से मना कर दिया कि तुम मेरी चिन्ता न करो। मेरी रक्षा करने के लिए मेरे भगवान हैं।
बाढ का पानी बढ़ने लगा और लोग नाव लेकर आए कि महात्मा जी! चलो। साधु ने जाने से फिर मना कर दिया। पानी बढ़ता गया। साधु एक पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ भी पानी में डूबने लगा। बचाव-कार्य के लिए Helicopter लगा दिए गए। साधु को Helicopter से बचाने का प्रयत्न किया गया पर साधु नहीं गया। केवल एक ही धुन थी कि मुझे बचाने भगवान स्वयं आएंगे।
अंत में वह पानी में डूब कर मर गया। उसकी जीवन-लीला बाढ़ के कारण समाप्त हो गई और वह मर कर परलोक पहुँचा। भगवान से शिकायत की। मैं 1-1 सांस में आपका नाम लेने वाला इतना बड़ा भक्त और आप मुझे बचाने भी नहीं आए? भगवान ने कहा कि वे लोग, वह जीप, वह नाव और वह Helicopter मैंने ही तो भेजा था। तीन अवसर मिले बचने के, पर तुम न समझे तो इसमें मैं क्या कर सकता हूँ?
जब भी अच्छा अवसर मिले तभी उसका लाभ उठा लेना चाहिए।
2. अवसर का लाभ उठाना
एक Petrol Pump पर एक व्यक्ति अपनी Mercedes में पैट्रोल भरवाने आया। उसे Serviceman का व्यवहार बहुत अच्छा लगा। जाते समय उसने कहा कि तुम जीवन में बहुत प्रगति कर सकते हो। यह मेरा Visiting Card रख लो। मैं तुम्हें काम सिखा सकता हूँ। Serviceman ने Visiting Card ले लिया पर यह सोच कर कि ऐसे तो दिनभर में बहुत लोग आते हैं और कहते तो बहुत हैं, पर करता कोई नहीं। उसने वहीं ज़मीन पर वह Card फेंक दिया।
एक साल बाद फिर एक व्यक्ति अपनी Mercedes में पैट्रोल भरवाने आया। उसने अपनी Driving Seat से मुंह बाहर निकाल कर उस Serviceman से पूछा कि तुम वही आदमी हो न जिसे एक व्यक्ति ने अपना Visiting Card दिया था। उसके हामी भरने के बाद वह व्यक्ति बोला कि मैं इसी Petrol Pump पर Sweeper का काम करता था। तुम्हारा फेंका हुआ Visiting Card मैंने उठा लिया था क्योंकि मैंने तुम दोनों की बातें सुन ली थी। आज मैं खुद Mercedes का मालिक बन गया हूँ। जीवन में Chance मिलने से भी Important है उस अवसर का लाभ उठाना। एक आदमी Opportunity का नाम सुन-सुन कर इतना हताश हो गया कि उसने एक तख़्ती पर लिख कर टांग रखा था कि Opportunity is no where. उसका मित्र उसे मिलने आया तो देखा कि वह हताश-निराश अवस्था में बैठा है कि मुझसे कोई काम नहीं हो सकता। मित्र ने w को उठाकर no के पास रख दिया। अब वाक्य बन चुका था कि Opportunity is now here.
Challenge को स्वीकार करो तो हर चुनौती Opportunity में बदल जाएगी।
3. चूक जाना
जब कोई सफलता से चूकता है तो मंज़िल के पास आते ही वह थोड़े से कदमों से ही चूकता है। एक मिनट के विलम्ब से ट्रेन छूट जाती है, एक रन से शतक छूट जाता है।
एक भक्त संत के पास गया और बोला कि मैं अल्पता और अभाव का जीवन जीते-जीते थक गया हूँ। मुझे सफल होने का कोई उपाय बताइए। संत ने कहा कि तुम समुद्र के किनारे जाओ। वहाँ तुम्हें बहुत से कंकर मिलेंगे। एक-एक कंकर को हाथ में उठाकर देखना। जो ठंडा होगा, वह साधारण कंकर होगा और जो गर्म होगा, वह पारस पत्थर होगा। उसे खोज कर लाओ। उसकी विशेषता है कि वह लोहे को छूकर सोना बना देता है। तुम मालामाल हो जाओगे।
वह समुद्र के किनारे गया। जिस कंकर को उठाता, वही ठंडा मिलता। उसे उठाकर समुद्र में फेंक देता। इस प्रकार करते-करते उसे 4 घंटे हो गए। हाथों को अभ्यास हो गया था। उठाना और समुद्र में फेंकना। अंत में जो कंकर उसके हाथ में आया, अभ्यासवश उसे भी समुद्र में फेंक दिया, तभी उसके ध्यान में आया कि अरे! यह तो गर्म था। पर अब क्या हो सकता था? वह पारस पत्थर तो समुद्र की गहराइयों में समा चुका था।
यह मनुष्य जीवन और अपना कल्याण करने के लिए उसमें मिलने वाले अवसर उसी पारस पत्थर के समान हैं जिसे हम संसार-समुद्र में फेंकते जा रहे हैं।
सामान्य लोग हार जाने पर आराम करते हैं और विशेष लोग जीत जाने पर ही विराम लेते हैं।
4. अवसर की प्रतीक्षा करना
हम सारा जीवन अच्छे अवसर की प्रतीक्षा में बिता देते हैं, जबकि संत कहते हैं कि हर अवसर को अच्छा अवसर बनाओ। आज को सफल बनाओ, कल की प्रतीक्षा में आज को हाथ से न जाने दो।
लोग काम न करने का बहाना बनाते हैं। इसके स्थान पर अच्छा काम करने का बहाना खोजो। सफल वे नहीं होते जो तुच्छ बातों में स्वयं भी उलझते हैं और दूसरों को भी उलझा देते हैं। सफल वे होते हैं जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होते हैं। अवसर का सही उपयोग करें, जीवन को सही दिशा में ले जाएं।
आर्थिक हो या पारमार्थिक, सब क्षेत्रों में हर उचित अवसर को पहचानो और उसका लाभ उठाओ।
--
सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
Comments
Post a Comment