Enjoy each moment of life.
जीवन के प्रत्येक क्षण का आनन्द लो।Enjoy each moment of life.
अपने जीवन को ऐसे ढंग से बिताओ, जैसे तुम प्रत्येक क्षण का आनन्द ले कर जी रहे हो। कुछ लोग जीवन को ऐसे ढंग से बिताते हैं कि अब वे अधिक संघर्ष करेंगे और इसी प्रकार मुश्किलों में जी लेंगे, ताकि वे बाद में जीवन का सही आनन्द ले सकें। यह गलत बात है। तुम्हें काम और संघर्ष के मध्य ही जीवन का आनन्द लेना सीखना होगा। याद रखो- सभी भौतिक आरामदायक साधनों के बीच निठल्ले होकर बैठना वास्तविक आनन्द नहीं है। वास्तव में तो उस अवस्था में तुम बहुत ऊबाऊपन महसूस करोगे।
मछुआरा और व्यवसायी
एक बार एक अमीर व्यवसायी समुद्र के किनारे टहल रहा था। उसने देखा कि एक मछुआरा अपनी नाव के पास बैठा आराम से बीड़ी पी रहा है, जबकि अभी दोपहर ही हुई थी और काम का समय बाकी था।
व्यवसायी ने मछुआरे से पूछा, “तुम इतनी जल्दी काम खत्म करके यहाँ खाली क्यों बैठे हो? थोड़ी और मछलियां क्यों नहीं पकड़ते?”
मछुआरे ने शांति से कहा, “मैंने आज भर की ज़रूरत की मछलियाँ पकड़ ली हैं, जो मेरे परिवार के लिए काफी हैं।”
व्यवसायी ने सलाह दी, “अगर तुम और मछलियां पकड़ो, तो उन्हें बेचकर और पैसे कमा सकते हो। फिर बड़ी नाव खरीद सकते हो और बड़ा कारोबार कर सकते हो।”
मछुआरे ने पूछा, “इसके बाद क्या होगा?”
व्यवसायी ने कहा, “फिर तुम बहुत अमीर हो जाओगे, और फिर शांति से बैठकर जीवन का आनंद ले सकोगे।”
मछुआरे ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “और अभी मैं क्या कर रहा हूँ? मैं तो अभी भी वही कर रहा हूँ, जो आप मुझे बाद में करने के लिए कह रहे हैं - चैन से बैठकर जीवन का आनंद ही तो ले रहा हूँ, क्योंकि मैं अपने काम से सन्तुष्ट हूँ।”
व्यवसायी निरुत्तर हो गया।
सीखः
जीवन का असली उद्देश्य केवल पैसा कमाना या भविष्य की चिंता करना नहीं है। जो हमारे पास है, उसमें खुश रहना और वर्तमान क्षण (Present Moment) का आनंद लेना ही जीवन का सच्चा सुख है।
कई बार तुम वृद्धावस्था में बाद में शारीरिक अशक्तता के कारण उन भौतिक साधनों का आनन्द नहीं उठा पाते, जो तुम्हें प्राप्त हैं। यह पहले ही कहा जा चुका है कि आनन्द मन में है न कि वस्तुओं में। तुम बिना सामान के भी आनन्दित हो सकते हो। इसलिए जीवन के प्रत्येक क्षण और जीवन के हर काम का मज़ा लो, चाहे वह क्षण कितना भी नगण्य हो और किसी बाद के समय में जीवन का आनन्द लेने का सपना न देखो, जो शायद कभी नहीं आएगा या उस समय तुम किसी और मुश्किल का सामना कर रहे होंगे, जिसकी तुमने कल्पना भी नहीं की होगी।
द्वारा--सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
.jpg)
Comments
Post a Comment