मेरे पति मेरे देवता (भाग - 71)
👼👼💧💧👼💧💧👼👼
मेरे पति मेरे देवता (भाग - 71)
श्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन की कुछ महत्त्वपूर्ण घटनाएं
श्रीमती ललिता शास्त्री की ज़ुबानी
प्रस्तुतकर्ता - श्री उमाशंकर (जून, 1967)
प्रभु से प्रार्थना
हम अपनी बात क्या करें? हमारी तो वही हालत थी, जैसे किसी के मुँह में लड्डू डाल कर उसका स्वाद पूछा जाए। हमारा पूजन-पाठ पहले से अधिक बढ़ गया, क्योंकि शास्त्री जी अब हमारे ही नहीं, पूरे राष्ट्र के भाग्य-विधाता बन गए थे। उन्हें देश की शान और सम्मान को सारी दुनिया में बढ़ाना था।
दुःखियों के कष्टों को दूर करके सभी भाई-बहिनों को सुख और सन्तोष देना था, जिसकी उन्हें अभिलाषा थी और यह सब भगवान की कृपा से ही सम्भव हो सकता था। हम प्रभु को बारम्बार प्रार्थना करती रहती कि शास्त्री जी को ऐसी शक्ति व सामर्थ्य दे जिससे वे कर्त्तव्यों की पूर्ति में हर तरह से सफ़ल हो सकें।
10 जनपथ की कोठी दो हिस्सों में बंटी है। बड़े वाले हिस्से में शास्त्री जी लोगों से मिलते-जुलते और विदेशी आगन्तुकों का स्वागत-सत्कार किया करते थे। इसी में एक तरफ़ उनका दफ़्तर भी था। एक नम्बर हिस्से में परिवार रहता था। दोनों हिस्से सटे हुए थे। काम बहुत थे और इस हिसाब से शास्त्री जी के पास समय थोड़ा था। फ़ल यह होता कि जब वे सवेरे सात-साढ़े सात बजे नाश्ते के बाद 10 नम्बर (बड़े वाले हिस्से) में जा बैठते, तो न बच्चों से मिलने की सुध रहती और न खाने-पीने का अवकाश रह पाता।
हम से भी जो थोड़ी-बहुत बातें हो सकती थी, वे नाश्ते के समय ही हो पाती थी, क्योंकि एक तो रात में उन्हें देर से खाने के लिए फ़ुरसत मिलती, दूसरे उस समय वे इतने थके होते कि कोई बात कहना या पूछना उन के सिरदर्द को बढ़ाना था। वे भोजन के बाद सो जाते थे। सवेरे जल्दी उठने की जैसी उन की शुरू से आदत थी, वे उसी समय से उठ जाते थे, पर तब हम पूजा-पाठ पर होती। हम 4 बजे उठ कर नहाती-धोती और फिर पूजा पर बैठ जाती थी।
क्रमशः
--
सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
Comments
Post a Comment