मेरे पति मेरे देवता (भाग - 76)
👼👼💧💧👼💧💧👼👼
मेरे पति मेरे देवता (भाग - 76)
श्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन की कुछ महत्त्वपूर्ण घटनाएं
श्रीमती ललिता शास्त्री की ज़ुबानी
प्रस्तुतकर्ता - श्री उमाशंकर (जून, 1967)
श्रीमती बैल्स का जादू
जामनगर में कोई समारोह था। शास्त्री जी के संग हम भी गई थी। वहाँ अमेरिका के राजदूत श्री चेस्टर बैल्स और उनकी पत्नी श्रीमती बैल्स भी निमंत्रित थी। श्रीमती बैल्स से हमारी भेंट का यह पहला अवसर था। यद्यपि हमारी उनसे वहाँ कोई बात नहीं हो सकी, क्योंकि वे हिन्दी नहीं जानती थी। फिर भी न मालूम क्यों, हमारा मन उनकी ओर आकर्षित हो गया था। हमें वो बहुत भली लगी थी और जब तक हम लोग वहाँ बैठी रही, एक दूसरे को देख कर मुस्कुराती रही थी।
उसके बाद दिल्ली में जब-तब भेंट होने लगी। उन्होंने हिन्दी भी सीखनी शुरू कर दी, जिससे हमारी और उनकी आसानी से बातचीत हो सके। हमारी तरफ़ कुछ उनका भी खिंचाव हो गया था। जो भी हो, हम एक दूसरे के समीप आती गई। त्यौहारों और कथा-कीर्तनों के अवसर पर हम उन्हें बुलाती थी। कीर्तन-भजन में वे सब महिलाओं के बीच बैठ कर राम-राम या ओऽम्-ओऽम् करती हुई ध्यानमग्न हो उठती थी।
समय के साथ घनिष्ठता बढ़ती गई। यद्यति उन्होंने तो गणतंत्र-दिवस के अवसर पर हमारे सम्बन्ध में मन का भाव व्यक्त करते हुए शास्त्री जी से कह भी दिया था - ‘पता नहीं, किस जादू के सहारे इन्होंने मुझे ऐसा मोह लिया है कि मैं बता नहीं सकती हूँ।’ हम तब तो नहीं कह सकी, पर आज कहती हैं कि हमारे ऊपर भी उन का जादू उसी तरह का है।
शास्त्री जी के निधन के बाद आज तो हमारे ऊपर उन के जादू का प्रमाण भी मिल गया है। जब हम शास्त्री जी के कलश को लेकर इलाहाबाद जा रही थी, तब श्रीमती बैल्स ही एक ऐसी महिला थी, जो गाड़ी में रात भर हमें अपने कन्धे का सहारा दिए हुए अपलक बैठी रही थी।
आज, जबकि हमारे जीवन का रूप बदल चुका है, समय और परिस्थितियाँ भी बदल चुकी हैं, फिर भी ऐसा कोई सप्ताह नहीं जाता, जब श्रीमती बैल्स हमसे मिलने हमारे यहाँ न आती हों। जब भी बनारस या मिर्ज़ापुर जाती हैं, तब हमारे घर ज़रूर जाती हैं। भाई-भौजाइयों से मिल कर कुशल-क्षेम पूछे बिना उन्हें चैन नहीं मिलता है।
वैसे उनकी यह आत्मीयता और प्रेम हमारे तक ही सीमित नहीं है। उन्हें हर भारतवासी से लगाव है। हाँ, यह बात दूसरी है कि हमारे लिए कुछ अधिक है। दुःख-सुख में वे जितना हाथ बँटाती हैं, वह सराहनीय है। लू हो या कठिन बरसात, वे बिना अपनी सुख-सुविधा का ध्यान किए हुए, देश के अभावग्रस्त क्षेत्रों में जाती हैं, उन की कठिनाइयों का अनुमान लगाती हैं और जहाँ तक मदद कर सकती हैं, मदद करती हैं।
यहाँ दिल्ली में भी वे अपने दूतावास के छोटे से छोटे कर्मचारियों के घरों में जा कर बैठती हैं और उनके दुःख-सुख में ही वे अपना दुःख-सुख मानती हैं। 2-1 बार वे हमें भी उनके बीच ले जा चुकी हैं। श्रीमती बैल्स का स्वभाव, उन की सादगी, भारत व भारतवासियों के प्रति उनका लगाव; यह सब कुछ ऐसा है, जैसे हममें व उनमें कोई अन्तर न रह गया हो।
क्रमशः
--
सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
Comments
Post a Comment