मेरे पति मेरे देवता (भाग - 77)

👼👼💧💧👼💧💧👼👼

मेरे पति मेरे देवता (भाग - 77)

श्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन की कुछ महत्त्वपूर्ण घटनाएं

श्रीमती ललिता शास्त्री की ज़ुबानी

प्रस्तुतकर्ता - श्री उमाशंकर (जून, 1967)

समुद्र की तरह गम्भीर

जनपथ 10 नम्बर में ही शास्त्री जी अतिथियों का स्वागत-सत्कार करते थे। आवश्यकतानुसार उन्हें जलपान और भोजन भी कराते थे, लेकिन भोजन आदि की व्यवस्था सरकार की तरफ़ से होती थी, जिसके लिए कई रसोइए और कई बेयरे भी थे। घर के लड़के-बच्चे भी जब-तब वहाँ चाय पी लेते थे और खाना भी खा लेते थे। वहाँ का बना हुआ खाना उन लोगों को बड़ा पसन्द था। वे सब उसकी बड़ी तारीफ़ करते थे। वे चाहते थे कि हम भी किसी दिन वहाँ का खाना खाएं, पर हम बराबर उनके कहने को टाल जाती थी।

हमारे टालने का कोई विशेष कारण नहीं था, बस थोड़ी हिचक थी तो सफ़ाई और शुद्धता की, जो एक तरह से, सच पूछिए तो, निराधार थी। भला वहाँ सफ़ाई और शुद्धता में क्योंकर कमी हो सकती थी?

भेदभाव कैसा -

एक बार शास्त्री जी ने भी इसी तरह की इच्छा व्यक्त की। फिर तो हमारे लिए वहाँ खाना ज़रूरी हो गया। एक दिन हम सब लोगों का वहाँ खाना हुआ। वास्तव में भोजन स्वादिष्ट था। लौट कर आने पर हमने अपने लड़के से पूछा - ‘तुम तो कहते थे कि वहाँ एक मुसलमान बेयरा भी है, पर हमें तो दिखाई नहीं पड़ा! कहाँ था?’

‘उसे परोसने के लिए मना कर दिया गया था।’

‘क्यों?’

‘आप जो खाना खाने वाली थी। नहीं तो और क्या कारण हो सकता था?’

हमने बाद में पता कराया, वास्तविकता यही थी। उसे यह कह कर परोसने से मना कर दिया गया था कि हम उस का छुआ नहीं खा सकती थी। हमें बड़ा दुःख हुआ। वह बेचारा क्या सोचता होगा? हमें ललक कर परोसने की उसकी भी तो इच्छा होगी। और बेयरों की भांति वह भी तो हमें ‘माताजी’ कह कर अपने हाथों से कुछ खिलाना चाहता होगा न! हम कई दिनों तक दुःखी रही। पर साथ ही मन में निश्चय कर लिया कि अब वहाँ दोबारा तभी खाएंगी, जब वह हमें परोसेगा।

और यही हुआ। तब दोबारा वहाँ खाने का हमारा कार्यक्रम बना, तब हमने पहले से ही कहला दिया कि जब तक हमारा खाना वह नहीं परोसेगा, हम नहीं खाएंगी। उसी ने हमको खाना खिलाया। हमारे मन का कोना उस दिन हल्का हो सका था।

क्रमशः

--

सरिता जैन

सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका

हिसार

🙏🙏🙏


विनम्र निवेदन

यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।

धन्यवाद।

Comments

Popular posts from this blog

भाग्य और कर्म

किस्मत

पारस पत्थर

संकल्प

एक गिलहरी

भगवान पर भरोसा

Y for Yourself

मित्र की परिभाषा

चिंतन

बद्रीनाथ धाम