Go close to nature whenever you find the opportunity.
जब भी तुम्हें अवसर मिले, प्रकृति के समीप जाओ। Go close to nature whenever you find the opportunity.
जब भी तुम्हें फुरसत हो, तो यहां वहां घूम कर अपना समय गंवाने की बजाय किसी ऐसे स्थान पर जाओ, जहां तुम प्रकृति के समीप हों।
जैसे बाग़-बग़ीचे, जंगल, पर्वत, नदियां, बादल, झीलें आदि। वहां खुले आकाश के नीचे ताज़ी हवा में सांस लो। पक्षियों की चहचहाहट सुनो, चलती हुई हवा की आवाज़ सुनो, सूर्य की आरोग्यकर किरणें अपने शरीर पर पड़ने दो। ये आपके मन को बहुत ताज़गी देंगी और ऊँचा उठाएंगी।
आर्यन शहर की आपाधापी में रहने वाला एक युवा इंजीनियर था। उसके जीवन में मोबाइल, लैपटॉप और काम के अलावा कुछ नहीं था। वह हमेशा थका हुआ और चिड़चिड़ा रहता था। एक दिन उसके डॉक्टर ने उसे सलाह दी, “कुछ दिन प्रकृति के समीप जाओ, शहर के शोर से दूर, तभी स्वस्थ हो पाओगे।“
आर्यन ने अनिच्छा से शहर से दूर एक छोटे से गाँव में अपने दादाजी के पुराने घर जाने का फैसला किया। पहले दिन, उसे वहां बहुत बोरियत हुई। न वहाँ वाई-फाई था, न ही कैफे। वह उदास होकर घर के पीछे बने बगीचे में एक पुराने सेब के पेड़ के नीचे बैठ गया।
वह पेड़ बहुत पुराना था और पक्षियों, गिलहरियों का घर था। अचानक उसे चिड़ियों की चहचहाहट, पत्तों की सरसराहट और हल्की हवा महसूस हुई। उसने गहरी सांस ली। उसे बचपन याद आ गया, जब वह इसी पेड़ पर चढ़ता था।
उसने देखा कि बगीचे में रंग-बिरंगे फूल खिले थे और मधुमक्खियां उन पर मंडरा रही थीं। दूर बहती हुई नदी की कल-कल आवाज उसके कानों में संगीत की तरह गूंजी। वह घंटों वहीं बैठा रहा। उसने एक गिलहरी को फल खाते देखा और खुद को शांत महसूस किया।
धीरे-धीरे, उसे प्रकृति की भाषा समझ में आने लगी। उसने महसूस किया कि यहाँ कोई जल्दी नहीं है। वह अब मोबाइल पर नहीं, बल्कि पेड़-पौधों को निहारने में समय बिताने लगा। उसके मन की चिड़चिड़ाहट गायब हो गई थी।
जब वापस जाने का समय आया, तो आर्यन पहले जैसा नहीं था। वह शांत, तरोताजा और खुश था। उसे समझ आ गया था कि असली शांति और खुशी मशीनों में नहीं, बल्कि प्रकृति के करीब जाने में है।
सीखः प्रकृति हमें असीम सुख, संतोष और स्वास्थ्य प्रदान करती है। प्रकृति से जुड़कर ही हम अपनी मानसिक और शारीरिक थकान मिटा सकते हैं।
द्वारा--सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
.jpg)
Comments
Post a Comment