Don’t linger things.
काम को टालने से बचोDon’t linger things.
काम को कल के लिए या भविष्य के लिए टाल देने की आदत से बचो। सफल व्यक्ति वे होते हैं, जो अपने स्थान से उठते हैं और उसी समय उचित कार्यवाही करते हैं।
एक गाँव में टालू राम नाम का एक व्यक्ति रहता था। उसका नाम उसके स्वभाव पर बिल्कुल सटीक बैठता था। उसे कोई भी काम दिया जाता, वह उसे तुरंत करने की बजाय टाल देता। “अभी तो बहुत समय है,” “इसे कल कर लेंग,” या “थोड़ी देर आराम कर लूँ, फिर करूँगा” - ये उसके पसंदीदा बहाने थे।
एक बार गाँव के मुखिया ने सभी निवासियों को आदेश दिया कि वे अपने घरों के सामने की नालियों की सफाई करें, क्योंकि बारिश का मौसम आने वाला था और पानी जमा होने से बीमारियाँ फैलने का खतरा था। मुखिया ने सभी को तीन दिन का समय दिया।
गाँव के बाकी लोग तुरंत काम पर लग गए। उन्होंने पहले ही दिन अपनी-अपनी नालियाँ साफ कर लीं। लेकिन टालू राम ने सोचा, “अभी तीन दिन हैं, मैं आराम से कर लूँगा।”
पहला दिन बीता। दूसरे दिन भी वह बैठा रहा। तीसरे दिन सुबह उसने सोचा कि दोपहर तक काम पूरा कर लेगा।
लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज़ थी कि कुछ ही समय में गाँव की सारी नालियाँ भर गईं। जिन लोगों ने सफाई कर ली थी, उनके घरों के सामने पानी रुका नहीं।
पर टालू राम के घर के सामने गंदे पानी का बड़ा गड्ढा बन गया। सारी गंदगी और कूड़ा उसके घर के दरवाज़े पर जमा हो गया। उसे समझ नहीं आया कि अब क्या करे। उसने फावड़ा उठाया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी घर के अंदर घुसने लगा।
टालू राम को अपनी गलती का एहसास हुआ। उसने सोचा, “काश मैंने समय रहते काम पूरा कर लिया होता!” उस दिन के बाद से, टालू राम ने कभी भी काम को कल पर नहीं टाला।
सीखः इस लघुकथा से यह सीख मिलती है कि हमें कभी भी अपने काम को टालना नहीं चाहिए। समय पर काम पूरा करने से हम आने वाली मुश्किलों से बच सकते हैं।
किसी भी उचित कार्य को करने या आरम्भ करने का ठीक समय अभी है, कल नहीं। केवल बोलना और दिन प्रतिदिन टालना निश्चय ही असफलता की तरफ जाने का लक्षण है, इसलिए आलस्य को त्यागो और काम को आरम्भ कर दो।
प्रेषिका- सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
.jpg)
Comments
Post a Comment